
महाकुंभ में भीषण आग: 3 सिलेंडर फटे, 25 टेंट जलकर खाक
प्रयागराज। महाकुंभ मेला क्षेत्र में रविवार को भीषण आग लग गई। ये आग शास्त्रीय ब्रिज के नीचे सेक्टर 19 के इलाके में लगी। बताया जा रहा है कि खाना बनाते समय टेंट में आग लगी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। सीएम ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीएम मोदी ने भी सीएम योगी से फोन पर बात की और मामले की जानकारी ली। सीएम योगी भी खुद घटना स्थल पर पहुंचे।
20 से 25 टेंट जल गए हैं
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब चार बजे सेक्टर 16 स्थित दिगंबर अनी अखाड़ा में प्रसाद बनाया जा रहा था। इसी दौरान भीषण आग लग गई। टेंट में रखे तीन सिलेंडर भी ब्लास्ट हो गए। 20 से 25 टेंट खाक हो गए।
काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया
जानकारी मिलते ही मौके पर फायर बिग्रेड की टीम पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाने में टीम को सफलता मिली। भीड़ अधिक होने के कारण दमकल को पहुंचने में समय लगा। पूरे महाकुंभ मेला में अलर्ट जारी कर दिया गया।

सिलेंडर बाहर निकालकर फेंका
हरिराम त्रिपाठी व देवेंद्र त्रिपाठी शांतनु निवासी दारागंज के मेले में घूम रहे थे। इस दौरान एक शिविर से धुआं उठते देखा। इसके बाद यह लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह सिलेंडर निकालकर बाहर फेंकने लगे। इस दौरान तीन सिलेंडर ब्लास्ट हुए।

मंत्री बोले- आग पर 20 मिनट में काबू पा लिया गया
यूपी के मंत्री एके शर्मा ने बताया, “आग पर 20 मिनट के भीतर काबू पा लिया गया। घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है और इसके लिए मैं मां गंगा, त्रिवेणी और लेटे हनुमान जी को धन्यवाद देता हूं। हमारी पुलिस टीम और एनडीआरएफ मौके पर है।”
आग लगने की वजह से क्षेत्र में घना धुआं फैल गया, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दमकलकर्मी आग को नियंत्रित करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक आग की वजह से किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, रात 8 बजे तक करीब 32 लाख श्रद्धालुओं ने महाकुंभ नगर की यात्रा की। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शनिवार को रात 8 बजे तक 42 लाख से ज्यादा लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई। वहीं, लगभग 32 लाख तीर्थ यात्रियों ने महाकुंभ नगर की यात्रा की। इसके अलावा 10 लाख से ज्यादा कल्पवासी भी हैं। बताया गया कि अभी तक 7.72 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने महाकुंभ में स्नान किया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में लिखा, सर्वसिद्धिप्रद: कुंभ:, सनातन धर्म के गौरव महाकुंभ-2025, प्रयागराज में आज 42 लाख से अधिक एवं अब तक 7.72 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र संगम में पावन स्नान कर पुण्य के भागी बने हैं।आज पुण्य लाभ अर्जित करने वाले सभी पूज्य साधु-संतों, 10 लाख से अधिक कल्पवासियों एवं 32 लाख से अधिक श्रद्धालुओं का अभिनंदन।

Editor