
सरकारी अस्पताल के परिसर में गैंगरेप, 2 नाबालिग लड़कियों के साथ चार लडक़ों ने की दरिंदगी
रांची । झारखंड की राजधानी रांची में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शहर के बीचोबीच स्थित सदर अस्पताल के परिसर में दो नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है। इस घटना से प्रशासनिक अमले में हडक़ंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घिनौनी वारदात रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर में हुई। पुलिस के अनुसार, चारों लडक़े दो लड़कियों को बहला-फुसलाकर स्टाफ क्वार्टर के एक कमरे में ले गए। बताया जा रहा है कि लड़कियां आरोपियों को पहले से जानती थीं। कमरे में लडक़ों ने बारी-बारी से दोनों लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग हैं, जबकि दो नाबालिग हैं। नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों लड़कियां सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस देखकर लौट रही थीं। रास्ते में उन्हें चार लडक़े मिले, जिनमें से कुछ लड़कियां पहले से परिचित थीं। लडक़ों ने लड़कियों को बातों में फंसाकर सदर अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर में ले गए, जहां इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब कुछ सुरक्षाकर्मियों ने स्टाफ क्वार्टर में संदिग्ध गतिविधि देखी। सुरक्षाकर्मियों को देखकर दो लडक़े भागने लगे, जिन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। पकड़े गए लडक़ों ने ही कमरे में लड़कियों और अन्य लडक़ों के होने की जानकारी दी। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने लोअर बाजार थाने को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह पहली बार नहीं है जब रांची के किसी सरकारी अस्पताल में दुष्कर्म की घटना हुई है। इसी वर्ष जनवरी 2025 में राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में भी एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। उस घटना में रिम्स में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने ही अस्पताल में इलाज कराने आई एक युवती के साथ दुष्कर्म किया था। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।

Editor